AI नहीं है ये असली लुक! ऋत्विक चक्रवर्ती और ईशा साहा के साथ फिल्म ‘फांद’ में दिखेंगे कुणाल

हाल ही में कोलकाता के एक स्टूडियो में फिल्म के लिए कुणाल घोष का लुक टेस्ट पूरा हुआ। उन्होंने खुद सोशल मीडिया पर अपनी पुलिस वाली तस्वीर साझा करते हुए प्रशंसकों को चौंका दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह कोई AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) द्वारा बनाई गई फोटो नहीं है, बल्कि उनकी नई फिल्म का वास्तविक गेटअप है।
दुलाल डे के निर्देशन में बन रही यह फिल्म एक पॉलिटिकल थ्रिलर है, जिसमें फुटबॉल, राजनीति और प्रेम के संगम को तीन पीढ़ियों के नजरिए से दिखाया जाएगा। इस फिल्म में कुणाल के साथ ऋत्विक चक्रवर्ती, अनिर्बान चक्रवर्ती, ईशा साहा और अर्जुन चक्रवर्ती जैसे बंगाल के दिग्गज कलाकार मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे।
यह कुणाल घोष की तीसरी फिल्म है। इससे पहले वे ‘कर्पूर’ और ‘शेखर’ जैसी फिल्मों में राजनेताओं की भूमिका निभा चुके हैं। दिलचस्प बात यह है कि उनकी पहली फिल्म ‘कर्पूर’ इसी 19 मार्च को रिलीज होने वाली है, जिसमें वे दिवंगत वामपंथी नेता अनिल विश्वास का किरदार निभा रहे हैं। अब पुलिस के रूप में उनका यह नया अवतार उनके अभिनय करियर की एक नई और रोमांचक पारी की शुरुआत माना जा रहा है।