बालुरघाट में महिला पर एसिड अटैक! संपत्ति विवाद में विधवा को निशाना बनाने का आरोप

पश्चिम बंगाल के दक्षिण दिनाजपुर जिले के बालुरघाट में शनिवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बालुरघाट जिला अस्पताल की एक अस्थायी महिला कर्मचारी पर उस समय एसिड हमला किया गया, जब वह ड्यूटी खत्म कर टोटो से अपने घर लौट रही थी। यह हमला बालुरघाट शहर के पास रघुनाथपुर इलाके में बीएम हाई स्कूल की दीवार के पास हुआ।

कैसे हुई वारदात? पीड़ित महिला विधवा है और हाल ही में उसने अपने पति को खोया है। शनिवार रात करीब 9 बजे वह टोटो से घर जा रही थी, तभी कुछ अज्ञात बदमाशों ने उसे निशाना बनाकर तेजाब फेंक दिया। तेजाब महिला के हाथों और पैरों पर गिरा, जिससे उसका शरीर झुलसने लगा और टोटो की सीट से धुआं निकलने लगा। टोटो चालक उसे तुरंत अस्पताल ले गया, जहां वर्तमान में वह बर्न वार्ड में भर्ती है।

पारिवारिक विवाद की आशंका: पीड़िता की मां ने आरोप लगाया है कि संपत्ति को लेकर महिला का उसके जेठ (पति के बड़े भाई) से विवाद चल रहा था। शनिवार सुबह भी कुछ युवकों ने घर के पास आकर उसे धमकी दी थी। परिवार का मानना है कि यह हमला संपत्ति के लालच में किया गया है।

पुलिस अधीक्षक चिन्मय मित्तल ने कहा कि शिकायत दर्ज कर ली गई है और पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। इस घटना ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *