केरल में 9 अप्रैल को एक ही चरण में मतदान! क्या विजयन करेंगे हैट्रिक या कांग्रेस मारेगी बाजी?

चुनाव आयोग ने रविवार को केरल विधानसभा चुनाव 2026 की तारीखों का एलान कर दिया है। केरल की सभी सीटों पर 9 अप्रैल को एक ही चरण में मतदान होगा, जबकि चुनावी नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे। दक्षिण भारत के इस राज्य में इस बार मुकाबला त्रिकोणीय होने की उम्मीद है, जहां एलडीएफ (LDF) अपनी सत्ता बचाने और यूडीएफ (UDF) सत्ता में वापसी के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा रहे हैं।

केके शैलजा का सीट बदलना चर्चा में: इस चुनाव में सबसे बड़ा उलटफेर पूर्व स्वास्थ्य मंत्री केके शैलजा की सीट को लेकर देखा जा रहा है। सीपीआईएम ने उन्हें उनके सुरक्षित गढ़ ‘मत्तन्नूर’ की जगह कन्नूर जिले की ‘पेरावूर’ सीट से मैदान में उतारा है। पेरावूर पिछले तीन चुनावों से कांग्रेस का मजबूत किला रहा है। सानी जोसेफ यहां से लगातार जीतते आ रहे हैं। 2021 में मत्तन्नूर से रिकॉर्ड 60 हजार वोटों से जीतने वाली शैलजा को इस कठिन सीट पर भेजना पार्टी की रणनीति है या जोखिम, इसे लेकर राजनीतिक गलियारों में बहस छिड़ गई है।

वामपंथियों का मानना है कि शैलजा की लोकप्रियता कांग्रेस के इस गढ़ को ढहाने में मदद करेगी। हालांकि, उनके समर्थकों का एक वर्ग इस फैसले से खुश नहीं है। 9 अप्रैल को होने वाला यह मतदान तय करेगा कि केरल ‘ईश्वर के अपने देश’ में फिर से लाल झंडा लहराएगा या कांग्रेस का हाथ सत्ता तक पहुंचेगा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *