सिलीगुड़ी में भारी बवाल! ब्रिगेड से लौट रही बीजेपी की स्पेशल ट्रेन पर पथराव, कई कार्यकर्ता घायल

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ब्रिगेड रैली से लौट रहे भाजपा कार्यकर्ताओं की स्पेशल ट्रेन पर सिलीगुड़ी में हमले की खबर से राज्य की राजनीति गरमा गई है। रविवार सुबह सिलीगुड़ी टाउन स्टेशन के पास कोयला डिपो इलाके में ट्रेन को निशाना बनाकर भारी पथराव किया गया। इस घटना में कई भाजपा कार्यकर्ता घायल हुए हैं, जिसके बाद इलाके में तनाव फैल गया।
क्या है पूरा विवाद? भाजपा का आरोप है कि ट्रेन जैसे ही सिलीगुड़ी के 7 नंबर वार्ड के पास रुकी, बाहर से उपद्रवियों ने पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। भाजपा जिलाध्यक्ष अरुण मंडल ने इसे टीएमसी की साजिश करार देते हुए कहा कि ‘जय श्री राम’ के नारे लगाने पर कार्यकर्ताओं पर हमला किया गया।
दूसरी ओर, सत्ताधारी टीएमसी ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। स्थानीय टीएमसी पार्षद पिंटू घोष का आरोप है कि ट्रेन के अंदर मौजूद कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं ने सड़क पर खड़ी महिलाओं के साथ अश्लील हरकतें कीं। स्थानीय लोगों ने जब इसका विरोध किया, तो विवाद बढ़ गया और दोनों ओर से पत्थरबाजी हुई। सिलीगुड़ी के मेयर गौतम देब ने इसे भाजपा का राजनीतिक स्टंट बताया है। घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी और स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और ट्रेन को सुरक्षित रवाना किया।