EVM में अब दिखेगी उम्मीदवारों की रंगीन फोटो! चुनाव आयोग का ऐतिहासिक फैसला, बदला वोटिंग का तरीका

भारत निर्वाचन आयोग ने चुनावों को और अधिक पारदर्शी और मतदाता-अनुकूल बनाने के लिए एक क्रांतिकारी कदम उठाया है। अब तक आपने ईवीएम के बैलेट पेपर पर उम्मीदवारों की धुंधली या ब्लैक एंड व्हाइट फोटो देखी होगी, लेकिन इस बार पश्चिम बंगाल सहित अन्य राज्यों के विधानसभा चुनावों में उम्मीदवारों की रंगीन फोटो (Color Photo) चमकेगी। बिहार में सफल प्रयोग के बाद अब इसे बड़े स्तर पर लागू किया जा रहा है।
नई गाइडलाइन के अनुसार, बैलेट पेपर पर उम्मीदवार का चेहरा काफी बड़ा (तीन-चौथाई हिस्से में) होगा, जिससे अनपढ़ या कम पढ़े-लिखे मतदाताओं को भी अपना प्रतिनिधि चुनने में आसानी होगी। नाम और सीरियल नंबर के फॉन्ट को भी 30 पॉइंट बोल्ड रखा जाएगा ताकि वे दूर से साफ नजर आएं। इसके साथ ही, उम्मीदवारों की लिस्ट के अंत में NOTA (None of the Above) का विकल्प भी रहेगा, ताकि जिसे कोई उम्मीदवार पसंद न हो, वह अपना विरोध दर्ज कर सके।
तकनीकी बदलावों के अलावा, चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल में मतदान की प्रक्रिया को भी छोटा कर दिया है। पिछले विधानसभा चुनाव के 8 चरणों के मुकाबले इस बार बंगाल में मात्र दो चरणों (23 और 29 अप्रैल) में चुनाव कराए जाएंगे। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ की दिशा में एक बड़ा कदम है। कम चरणों में चुनाव होने से प्रशासनिक बोझ कम होगा और सुरक्षा बलों की तैनाती अधिक प्रभावी ढंग से की जा सकेगी। 4 मई को इन सभी राज्यों के नतीजे घोषित किए जाएंगे।