‘भत्ते से पार नहीं होगी चुनावी नैया!’ चुनाव तारीखों के एलान के साथ ही ममता पर बरसे शमिक भट्टाचार्य

रविवार को चुनाव आयोग द्वारा पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की घोषणा किए जाने के तुरंत बाद भाजपा ने सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस पर हमला तेज कर दिया है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा भत्तों में की गई वृद्धि को ‘चुनावी हथकंडा’ करार देते हुए कहा कि ममता बनर्जी अब भत्तों के सहारे सत्ता में वापसी नहीं कर पाएंगी। शमिक का दावा है कि बंगाल की जनता अब परिवर्तन के लिए तैयार है।

शमिक भट्टाचार्य ने कहा कि आदर्श आचार संहिता लागू होने से ठीक पहले पुजारियों और मौलवियों के भत्ते बढ़ाना या बकाया डीए देने का वादा करना जनता को गुमराह करने जैसा है। उन्होंने आत्मविश्वास के साथ कहा, “मई के दूसरे सप्ताह में बंगाल में एक नई सरकार होगी और भाजपा राइटर्स बिल्डिंग से शासन संभालेगी।” उन्होंने यह भी दोहराया कि भाजपा की सरकार बनते ही महिलाओं को 3000 रुपये प्रति माह और सरकारी कर्मचारियों को सातवें वेतन आयोग के अनुसार डीए दिया जाएगा।

ममता बनर्जी के दांव को ‘मास्टरस्ट्रोक’ कहे जाने पर कटाक्ष करते हुए शमिक ने कहा कि फील्डर बाउंड्री पर तैयार खड़ा है, ममता का कोई भी स्ट्रोक काम नहीं आएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि टीएमसी ने हिंसा और तुष्टिकरण की राजनीति की है, जिसका अंत अब निश्चित है। बंगाल में दो चरणों में होने वाले चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि जनता बिना किसी डर के मतदान करेगी और तृणमूल का ‘विसर्जन’ करेगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *