ममता का मेगा प्लान: कल आएगी TMC की पूरी लिस्ट, परमब्रत और देबांशु बन सकते हैं उम्मीदवार!

चुनाव आयोग द्वारा तारीखों के एलान के बाद अब सबकी निगाहें सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस की उम्मीदवार सूची पर टिकी हैं। सूत्रों के मुताबिक, सोमवार को ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी राज्य की सभी 294 सीटों के लिए प्रत्याशियों के नाम का एलान करेंगे। 2021 की तरह इस बार भी सूची में कई चौंकाने वाले नाम शामिल हो सकते हैं।

इस बार चर्चा का बाजार गर्म है कि मशहूर अभिनेता परमब्रत चटर्जी और गायिका ईमान चक्रवर्ती को टीएमसी चुनावी मैदान में उतार सकती है। इसके अलावा, पार्टी के मुखर नेता कुणाल घोष और देबांशु भट्टाचार्य को भी टिकट मिलने की प्रबल संभावना है। सबसे बड़ी नजर नंदीग्राम सीट पर है, जहां शुभेंदु अधिकारी को घेरने के लिए ममता बनर्जी ‘नंदीग्राम की बेटी’ शिउली साहा को मैदान में उतार सकती हैं। खुद ममता बनर्जी अपनी पारंपरिक सीट भवानीपुर से ही चुनाव लड़ेंगी।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, कई मौजूदा विधायकों का पत्ता कट सकता है। इसमें रुकबानूर रहमान और कबरी मन्ना जैसे नाम शामिल हैं। वहीं, मदन मित्रा की सीट बदली जा सकती है। बेहाला की दो महत्वपूर्ण सीटों पर शोभन चटर्जी और पार्थ चटर्जी के नामों की चर्चा फिर से तेज हो गई है। फिरहाद हकीम और अरूप विश्वास जैसे दिग्गजों के अपनी पुरानी सीटों पर ही बने रहने की उम्मीद है। सोमवार की दोपहर बंगाल की राजनीति के लिए बेहद निर्णायक होने वाली है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *