टोल का तड़का! १ अप्रैल से हाईवे का सफर हुआ महंगा, बढ़ गई FASTag एनुअल पास की फीस

नेशनल हाईवे पर सफर करने वाले निजी वाहन मालिकों के लिए एक बड़ी खबर है। १ अप्रैल, २०२६ से FASTag वार्षिक पास (Annual Pass) की फीस में बढ़ोतरी होने जा रही है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने वित्तीय वर्ष २०२६-२७ के लिए पास की कीमत ३,००० रुपये से बढ़ाकर ३,০৭৫ रुपये करने का निर्णय लिया है। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय के अनुसार, यह बदलाव राष्ट्रीय राजमार्ग शुल्क नियम, २००८ के तहत किया गया है।
किन गाड़ियों पर होगा असर? यह नई दरें केवल वैध FASTag वाले गैर-व्यावसायिक (Non-commercial) और निजी वाहनों पर लागू होंगी। वर्तमान में देश भर के लगभग १,१५० टोल प्लाजा पर यह सुविधा उपलब्ध है। मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, देश में ५६ लाख से ज्यादा लोग इस वार्षिक पास का इस्तेमाल कर रहे हैं। इस पास की मदद से वाहन मालिकों को बार-बार वॉलेट रिचार्ज करने की जरूरत नहीं पड़ती।
क्या है पास की खासियत? FASTag वार्षिक पास एक बार खरीदने पर पूरे एक साल के लिए या २०० टोल क्रॉसिंग (जो भी पहले हो) तक वैध रहता है। यह उन लोगों के लिए बेहद किफायती है जो अक्सर हाईवे पर लंबी यात्राएं करते हैं।
कैसे करें एक्टिवेट? इस पास को एक्टिवेट करना बेहद सरल है। वाहन मालिक ‘राजमार्ग यात्रा’ ऐप या NHAI की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से भुगतान कर सकते हैं। भुगतान के लगभग दो घंटे के भीतर आपके मौजूदा FASTag पर एनुअल पास सक्रिय हो जाता है। बता दें कि इस योजना की शुरुआत १५ अगस्त, २०२५ को की गई थी, जिसे वाहन मालिकों ने काफी पसंद किया है।