तेहरान में धमाके और खमेनेई की मौत के बाद कोहराम, पश्चिम एशिया में CBSE बोर्ड ने रद्द की परीक्षाएं!
मध्य प्रदेश और पश्चिम एशिया में जारी भीषण युद्ध ने अब शिक्षा व्यवस्था पर भी ब्रेक लगा दिया है। युद्ध के 16वें दिन भी मिसाइलों की बारिश रुकने का नाम नहीं ले रही है। बिगड़ते हालात और छात्रों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने पश्चिम एशिया के देशों में 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाओं को रद्द करने का एक बड़ा और कड़ा निर्णय लिया है।
सीबीएसई मुख्यालय ने 15 मार्च 2026 को आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल के जरिए जानकारी दी कि ईरान, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में 16 मार्च से 10 अप्रैल तक होने वाली 12वीं की सभी परीक्षाएं रद्द की जाती हैं। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि इससे पहले 1 मार्च से 9 मार्च के बीच जो परीक्षाएं स्थगित (Postpone) की गई थीं, उन्हें भी अब पूरी तरह से रद्द (Cancel) माना जाएगा। गौरतलब है कि इन देशों में 10वीं की परीक्षाएं पहले ही स्थगित की जा चुकी थीं।
युद्ध की शुरुआत तब हुई जब 28 फरवरी को इजराइल और अमेरिका ने ईरान पर संयुक्त हमला किया। शनिवार सुबह तेहरान में हुए हमले में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खमेनेई के मारे जाने की खबर के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव चरम पर है। विदेशों में संचालित 180 से अधिक सीबीएसई स्कूलों के भविष्य पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। बोर्ड ने कहा है कि वर्तमान परिस्थितियों में परीक्षा केंद्र तक पहुंचना छात्रों के लिए जानलेवा साबित हो सकता है। रद्द हुई परीक्षाओं के लिए वैकल्पिक मूल्यांकन पद्धति की घोषणा जल्द ही की जाएगी।