West Bengal Election 2026: जादवपुर से विकास रंजन भट्टाचार्य मैदान में, CPIM ने जारी की उम्मीदवारों की पहली लिस्ट
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 की तारीखों के ऐलान के तुरंत बाद वाम मोर्चे (Left Front) ने 192 सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी है। इस सूची में सबसे महत्वपूर्ण नाम दिग्गज वकील विकास रंजन भट्टाचार्य का है, जिन्हें जादवपुर विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार बनाया गया है। अनुभवी नेता और पूर्व मेयर विकास रंजन पर भरोसा जताकर वामपंथियों ने यह स्पष्ट कर दिया है कि वे जादवपुर की अपनी खोई हुई जमीन वापस पाने के लिए पूरी ताकत झोंक रहे हैं।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान विमान बसु और मोहम्मद सलीम ने युवा चेहरों को भी बड़ी प्राथमिकता दी है। छात्र नेता दीप्सिता धर दमदम उत्तर से चुनाव लड़ेंगी, जबकि मीनाक्षी मुखर्जी को उत्तरपाड़ा से मैदान में उतारा गया है। इसके अलावा, पानीहाटी से कलतान दासगुप्ता और दमदम से मयूख विश्वास के नामों की घोषणा की गई है। बरानगर से सायनदीप भट्टाचार्य और राजारहाट-न्यूटाउन से सप्तर्षि देब के चुनाव लड़ने की संभावना है।
विकास रंजन भट्टाचार्य का राजनीतिक सफर छात्र आंदोलनों से शुरू हुआ था और 2005 से 2010 तक वे कोलकाता के मेयर रहे। फिलहाल वे राज्यसभा सांसद हैं। जानकारों का कहना है कि अनुभवी नेताओं को हेवीवेट सीटों पर उतारकर और युवाओं को नई जिम्मेदारी देकर वामपंथी इस बार ‘अनुभव और जोश’ के तालमेल से ममता सरकार और भाजपा को कड़ी चुनौती देने की तैयारी में हैं।