West Bengal Election 2026: बीजेपी की पहली लिस्ट में बड़ा धमाका! नंदीग्राम और भवानीपुर दोनों सीटों से चुनाव लड़ेंगे शुभेंदु अधिकारी
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी ने अपनी पहली सूची जारी कर दी है। सोमवार को नई दिल्ली में पार्टी मुख्यालय से 144 सीटों पर उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया गया। इस लिस्ट में सबसे चौंकाने वाला नाम शुभेंदु अधिकारी का है, जिन्हें नंदीग्राम के साथ-साथ भवानीपुर (ममता बनर्जी का गढ़) से भी मैदान में उतारा गया है।
बीजेपी की इस लिस्ट में अनुभवी चेहरों पर दांव खेला गया है। दिलीप घोष खड़गपुर सदर से चुनाव लड़ेंगे, जबकि सजल घोष को बरानगर से टिकट दिया गया है। भाटपारा से पवन सिंह (अर्जुन सिंह के बेटे) और शिवपुर से अभिनेता रुद्रनील घोष को उम्मीदवार बनाया गया है। राजनीतिक जानकारों का कहना है कि भवानीपुर से शुभेंदु को उतारकर बीजेपी ने सीधा संदेश दिया है कि वे इस बार मुख्यमंत्री के घर में घुसकर उन्हें चुनौती देने के लिए तैयार हैं। 144 सीटों की इस लिस्ट ने बंगाल की सियासत में हलचल तेज कर दी है।