सावधान! इंटरनेशनल फ्लाइट्स पर ब्रेक, युद्ध के चलते रद्द हुए हजारों विमान; राज्यसभा में सरकार ने दी जानकारी

पश्चिम एशिया में चल रहे भीषण युद्ध ने अंतरराष्ट्रीय हवाई यातायात की कमर तोड़ दी है। सोमवार को राज्यसभा में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के राममोहन नायडू ने जानकारी दी कि इजरायल, ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के कारण अब तक भारतीय एयरलाइनों की कुल 4,335 उड़ानें रद्द की जा चुकी हैं। वहीं, विदेशी एयरलाइनों की 1,187 उड़ानें भी इसी संकट की भेंट चढ़ गई हैं।

सुरक्षा सबसे ऊपर: मंत्री नायडू ने स्पष्ट किया कि भारत सरकार के लिए ‘यात्री सुरक्षा’ सर्वोपरि है। उन्होंने कहा, “जब हवाई क्षेत्र (Airspace) बंद हो, तो वहां विमान उड़ाने का सवाल ही नहीं उठता। हमारे लिए उड़ानों की सुरक्षा और यात्रियों की जान सबसे महत्वपूर्ण है।” युद्ध प्रभावित क्षेत्रों का हवाई क्षेत्र असुरक्षित होने के कारण उड़ानों के रूट बदले गए हैं या उन्हें पूरी तरह रद्द कर दिया गया है।

सरकार की निगरानी: नागरिक उड्डयन मंत्रालय और डीजीसीए (DGCA) लगातार स्थिति पर कड़ी नजर रख रहे हैं। मंत्री ने बताया कि चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद अब तक लगभग 2,19,780 यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाया गया है। सरकार संबंधित देशों के साथ निरंतर संपर्क में है ताकि जैसे ही स्थिति सुरक्षित हो, सेवाओं को फिर से बहाल किया जा सके। तब तक यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी यात्रा की योजना बनाने से पहले एयरलाइंस से संपर्क जरूर करें।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *