बीरभूम में खदान हादसा! TMC नेता की ‘अवैध’ खदान ढहने से 3 मजदूरों की मौत, कई अब भी मलबे में दबे
पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में एक बार फिर अवैध खनन ने मासूम जिंदगियों की बलि ले ली है। सोमवार दोपहर मुरारई थाने के गोपालपुर में एक अवैध पत्थर खदान में अचानक धंसान होने से 3 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। मलबे के नीचे 12 से 14 मजदूरों के दबे होने की खबर है, जिनमें से कई की हालत गंभीर बनी हुई है। चौंकाने वाली बात यह है कि इस खदान का मालिक बीरभूम जिला परिषद का कर्माध्यक्ष सिराजुल इस्लाम बताया जा रहा है।
हादसे की वजह: जानकारी के अनुसार, खदान में पत्थर तोड़ने के लिए ड्रिलिंग का काम चल रहा था। रविवार की बारिश की वजह से मिट्टी नरम थी, जिसके कारण ऊपर से भारी चट्टानें नीचे काम कर रहे मजदूरों पर गिर पड़ीं। स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को रामपुरहाट मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। विपक्षी दलों का आरोप है कि सत्ताधारी दल के नेताओं के संरक्षण में यह अवैध धंधा फल-फूल रहा है, जिसकी कीमत गरीब मजदूरों को अपनी जान देकर चुकानी पड़ रही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, लेकिन आरोपी अब भी गिरफ्त से बाहर हैं।