‘यह बंगाली और महिला विरोधी मानसिकता है!’ मुख्य सचिव और पुलिस कमिश्नर के तबादले पर बरसीं ममता बनर्जी
March 16, 2026

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान के साथ ही ममता बनर्जी ‘एक्शन मोड’ में आ गई हैं। सोमवार को रसोई गैस की बढ़ती कीमतों के खिलाफ कोलकाता में आयोजित एक मेगा रैली के दौरान मुख्यमंत्री ने चुनाव आयोग और केंद्र सरकार पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने मुख्य सचिव और कोलकाता पुलिस कमिश्नर को हटाए जाने के फैसले को “बंगाली विरोधी” करार दिया।
ममता बनर्जी ने मंच से गरजते हुए कहा, “आधी रात को आपने एक महिला अधिकारी (नंदिनी चक्रवर्ती) को हटा दिया। यह आपकी महिला विरोधी सोच को दर्शाता है।” उन्होंने बीजेपी को चुनौती देते हुए कहा कि अधिकारियों को बदलने से चुनाव नहीं जीता जा सकता। मंत्री शशी पांजा के घर पर हुए हमले का जिक्र करते हुए ममता ने कहा, “अगर हिम्मत है तो कालीघाट (ममता का आवास) पर हमला करके दिखाओ, हम लड़ने के लिए तैयार हैं।”