IPL 2026: पैट कमिंस की जगह ईशान किशन बनेंगे सनराइजर्स के नए कप्तान? बड़ी खबर आई सामने!

आईपीएल के आगामी सीजन से पहले सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खेमे से एक बहुत बड़ी खबर सामने आ रही है। ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज तेज गेंदबाज पैट कमिंस के खेलने पर सस्पेंस बना हुआ है, जिसके चलते फ्रेंचाइजी अब नए कप्तान की तलाश पूरी कर चुकी है। ‘टाइम्स ऑफ इंडिया’ की रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय स्टार बल्लेबाज ईशान किशन को आगामी आईपीएल सीजन के लिए सनराइजर्स हैदराबाद का नया कप्तान नियुक्त किया जा सकता है।

पैट कमिंस पिछले साल जुलाई से पीठ की चोट (Back Injury) से जूझ रहे हैं। इसी चोट के कारण वह हाल ही में संपन्न हुए टी-20 वर्ल्ड कप से भी बाहर हो गए थे। उनकी रिकवरी में हो रही देरी को देखते हुए हैदराबाद मैनेजमेंट अब ईशान किशन पर दांव लगाने के लिए तैयार है। रिपोर्ट यह भी बताती है कि वर्ल्ड कप विजेता टीम के सदस्य अभिषेक शर्मा को टीम का उप-कप्तान (Vice Captain) बनाया जा सकता है।

ईशान किशन इन दिनों अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में हैं। हालिया टी-20 वर्ल्ड कप में उन्होंने 193 के विस्फोटक स्ट्राइक-रेट से 317 रन बनाए, जिसमें फाइनल सहित तीन अर्धशतक शामिल थे। आईपीएल में भी ईशान का रिकॉर्ड शानदार रहा है। उन्होंने 119 मैचों में 2,998 रन बनाए हैं। 2025 की मेगा नीलामी में हैदराबाद ने उन्हें 11.25 करोड़ रुपये में खरीदा था। यदि ईशान को आधिकारिक रूप से कप्तान घोषित किया जाता है, तो वह फ्रेंचाइजी के इतिहास के दूसरे पूर्णकालिक भारतीय कप्तान होंगे। कमिंस की गैरमौजूदगी में ईशान का आक्रामक अंदाज हैदराबाद की किस्मत बदल सकता है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *