कोलकाता में फिर लौटेगी बारिश! ओलावृष्टि के बाद आज भी मेघ गर्जन की चेतावनी, जानें मौसम का हाल

पश्चिम बंगाल के दक्षिणी हिस्सों में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। मंगलवार शाम को हुई साल की पहली ‘काल बैसाखी’ और ओलावृष्टि के बाद आज बुधवार को भी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, कोलकाता सहित दक्षिण बंगाल के कई जिलों में आज भी बादल छाए रहेंगे और छिटपुट बारिश के साथ बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।

आज सुबह से ही कोलकाता और आसपास के इलाकों में धुंध और बादल देखे गए। मौसम विभाग का अनुमान है कि दोपहर के बाद मौसम फिर करवट ले सकता है। आज शहर का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है।

विशेष रूप से वर्धमान, बीरभूम, नदिया और मुर्शिदाबाद में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। वहीं, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर, झाड़ग्राम और पुरुलिया में गरज-चमक के साथ बारिश होने की प्रबल संभावना है। हालांकि मंगलवार रात की बारिश से तापमान में गिरावट आई है, लेकिन नमी के कारण लोगों को हल्की उमस का सामना करना पड़ सकता है। आने वाले कुछ दिनों तक बंगाल में मौसम का यह उतार-चढ़ाव बना रहेगा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *