बंगाल चुनाव से पहले प्रशासन में बड़ा फेरबदल! गृह सचिव से लेकर पुलिस कमिश्नर तक बदले, चुनाव आयोग का कड़ा एक्शन

कोलकाता: विधानसभा चुनाव 2026 की घोषणा के तुरंत बाद चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल प्रशासन में भारी फेरबदल किया है। मुख्य सचिव और गृह सचिव को हटाने के बाद, अब पूर्व गृह सचिव जगदीश प्रसाद मीणा को तमिलनाडु में चुनाव पर्यवेक्षक (Observer) बनाकर भेजा गया है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि चुनाव प्रक्रिया समाप्त होने तक ये अधिकारी बंगाल में चुनाव संबंधी किसी भी कार्य से नहीं जुड़ सकेंगे।
नए अधिकारियों की नियुक्ति आयोग ने नंदिनी चक्रवर्ती के स्थान पर 1993 बैच के आईएएस अधिकारी दुष्यंत नारिवाला को नया मुख्य सचिव नियुक्त किया है। वहीं, संघमित्रा घोष को नई गृह सचिव बनाया गया है। पुलिस विभाग में भी गाज गिरी है; डीजीपी पीयूष पांडे की जगह सिद्धनाथ गुप्ता को जिम्मेदारी दी गई है और अजय नंदा को कोलकाता का नया पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया है।
राजनीतिक घमासान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आयोग के इस कदम की तीखी आलोचना करते हुए इसे ‘आधी रात का फैसला’ करार दिया है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त को पत्र लिखकर इस पर आपत्ति जताई है। दूसरी ओर, विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने इस बदलाव का समर्थन किया है। कुछ दिन पहले ही उन्होंने मांग की थी कि ऐसे अधिकारियों को दूसरे राज्यों में भेज देना चाहिए। आयोग की इस कार्रवाई से राज्य के प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मचा हुआ है।