कुलदीप यादव और वंशिका की रिसेप्शन पार्टी में पहुंचे सीएम योगी आदित्यनाथ, पैर छूकर लिया आशीर्वाद

भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव ने अपने जीवन की दूसरी पारी की शुरुआत कर दी है। 14 मार्च को मसूरी में अपनी बचपन की दोस्त वंशिका के साथ विवाह बंधन में बंधने के बाद, मंगलवार 17 मार्च को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के ‘द सेंट्रम’ होटल में एक भव्य रिसेप्शन का आयोजन किया गया। इस खास मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शिरकत की और नवदंपति को सुखी जीवन का आशीर्वाद दिया।

सीएम योगी का खास अंदाज: जैसे ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंच पर पहुंचे, कुलदीप यादव ने उनके पैर छूकर आशीर्वाद लिया, वहीं वंशिका ने हाथ जोड़कर अभिवादन किया। सीएम ने उन्हें फूलों का गुलदस्ता और विशेष उपहार भेंट किए। एक वायरल वीडियो में देखा गया कि सीएम योगी ने कुलदीप के भाई यश यादव की गोद में छोटे बच्चे को चॉकलेट भी दी। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर फोटो साझा करते हुए लिखा, “आज लखनऊ में भारतीय क्रिकेटर श्री कुलदीप यादव जी के विवाह उपरांत आयोजित प्रीतिभोज कार्यक्रम में सम्मिलित होकर नवदंपति को आशीर्वाद दिया।”

सितारों से सजी शाम: कुलदीप की शादी के जश्न में क्रिकेट जगत के कई दिग्गज शामिल हुए। सुरेश रैना, मोहम्मद कैफ, युजवेंद्र चहल और रिंकू सिंह को रिसेप्शन के दौरान जमकर डांस करते और मस्ती करते देखा गया। बता दें कि पिछले साल जून में ही इस जोड़े ने सगाई की थी। टीम इंडिया के 2026 टी-20 वर्ल्ड कप जीतने के ठीक बाद यह शादी हुई है। भारत ने फाइनल में न्यूजीलैंड को हराकर खिताब अपने नाम किया था।

8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए उस ऐतिहासिक फाइनल के बाद कुलदीप के लिए यह दोहरी खुशी का मौका है। खेल के मैदान पर दुनिया भर के बल्लेबाजों को अपनी उंगलियों पर नचाने वाला यह जादूई स्पिनर अब वंशिका के साथ सात फेरों के बंधन में बंध चुका है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *