टिकट कटने की अफवाहों पर लगा लगाम! सोनारपुर दक्षिण से फिर उम्मीदवार बनीं लवली, बताया क्या है अगला प्लान

कोलकाता/सोनारपुर: पश्चिम बंगाल की राजनीति में ग्लैमर और जनसेवा के संगम के रूप में पहचानी जाने वाली अभिनेत्री और विधायक लवली मोइत्रा को तृणमूल कांग्रेस ने एक बार फिर सोनारपुर दक्षिण से अपना उम्मीदवार बनाया है। पिछले कुछ दिनों से उनके टिकट कटने की जो खबरें बाजार में गर्म थीं, उन सभी पर विराम लगाते हुए पार्टी ने उन पर दोबारा भरोसा जताया है। टिकट मिलने के बाद अपनी प्रतिक्रिया देते हुए लवली ने कहा कि उनकी जिम्मेदारी अब पहले से कहीं ज्यादा बढ़ गई है।
अफ़वाहों पर पलटवार: मीडिया में ऐसी खबरें थीं कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने खुद लवली से कह दिया है कि उन्हें इस बार टिकट नहीं मिलेगा। इन दावों को खारिज करते हुए लवली ने कहा, “कुछ लोगों का काम ही दुष्प्रचार करना और झूठ फैलाना है। यह बेहद निचले स्तर की मानसिकता का परिचय है। मैं सालों से अभिनय क्षेत्र में हूं और जानती हूं कि कुछ लोग ट्रोल करते ही हैं। पार्टी नेतृत्व का फैसला अंतिम होता है और मुझे अपनी पार्टी पर पूरा भरोसा था।”
अभिनय से ब्रेक, राजनीति पर ध्यान: लवली फिलहाल लोकप्रिय धारावाहिक ‘चिरोसाखा’ में काम कर रही हैं। हालांकि, चुनाव की घोषणा के साथ ही उन्होंने स्पष्ट कर दिया है कि वह फिलहाल शूटिंग नहीं करेंगी। उन्होंने कहा, “अभिनय और राजनीति दोनों ही मेरी प्राथमिकताएं हैं, लेकिन चुनाव के समय संतुलन बनाना मुश्किल है। इसलिए फिलहाल शूटिंग बंद रहेगी और मैं अपना पूरा समय अपने क्षेत्र की जनता को दूंगी।”
जीत का भरोसा: लवली मोइत्रा ने कहा कि उन्होंने पिछले पांच वर्षों में सोनारपुर दक्षिण के लिए जो काम किए हैं, जनता उसका फल जरूर देगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि वह इस बार पिछले रिकॉर्ड से भी अधिक अंतर से जीत दर्ज करेंगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि वह ममता बनर्जी की प्रतिनिधि के रूप में मैदान में हैं और क्षेत्र के विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं।