बिना पेट्रोल का खर्चा! डिजिटल डिस्प्ले और एंटी-थेफ्ट अलार्म के साथ आया नया X-Men+ स्कूटर

टेक डेस्क: इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर सेगमेंट में धमाका करते हुए Zelio ई-मोबिलिटी ने अपना नया 2026 X-Men+ लो-स्पीड इलेक्ट्रिक स्कूटर लॉन्च कर दिया है। इसकी कीमत मात्र 60,000 रुपये रखी गई है। कंपनी ने ग्राहकों को लुभाने के लिए एक शानदार ऑफर भी पेश किया है; पहले 5,000 खरीदारों को स्कूटर के साथ एक हेलमेट बिल्कुल मुफ्त दिया जाएगा।
दमदार रेंज और लो-स्पीड का मजा: यह स्कूटर खास तौर पर शहर के भीतर रोजाना आने-जाने वालों के लिए डिजाइन किया गया है। इसकी टॉप स्पीड 25 किमी/घंटा है, जिससे यह सुरक्षित सवारी सुनिश्चित करता है। एक बार फुल चार्ज होने पर यह 120 किमी तक की रेंज देता है। इसमें 60/72V BLDC मोटर लगी है, जो फुल चार्ज होने में केवल 1.5 यूनिट बिजली की खपत करती है।
फीचर्स और स्पेसिफिकेशन्स: नए 2026 मॉडल में 10-इंच के बजाय 12-इंच के पिछले टायर दिए गए हैं। झटकों से बचने के लिए फ्रंट और रियर में हाइड्रोलिक शॉक सस्पेंशन मौजूद हैं। इसमें लिथियम-आयन और लेड-एसिड, दोनों बैटरी के विकल्प मिलते हैं। लिथियम बैटरी को चार्ज होने में 4-5 घंटे का समय लगता है।
स्मार्ट फीचर्स से लैस: सुरक्षा के लिए इसमें एंटी-थेफ्ट अलार्म और सेंट्रल लॉकिंग सिस्टम दिया गया है। इसके अलावा, रिवर्स गियर, यूएसबी चार्जिंग पोर्ट, डिजिटल डिस्प्ले और पार्किंग स्विच जैसे आधुनिक फीचर्स इसे खास बनाते हैं। डार्क नाइट ब्लैक और नार्डो ग्रे जैसे आकर्षक रंगों में उपलब्ध यह स्कूटर 180 किलो तक का भार उठा सकता है।