गाली-गलौज और अपमान का वीडियो सबूत! जीतू कमाल ने फिल्म मेकर्स के खिलाफ उठाया बड़ा कदम

कोलकाता: बंगाली फिल्म इंडस्ट्री के मशहूर अभिनेता जीतू कमाल और फिल्म ‘एराव मानुष’ के निर्माताओं के बीच का विवाद अब थाने और अदालत तक पहुंच गया है। जीतू कमाल ने फिल्म के मेकर्स के खिलाफ 1 करोड़ रुपये का मानहानि का मुकदमा दर्ज कराया है। अभिनेता का आरोप है कि उन्हें न केवल मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया, बल्कि सेट पर सबके सामने गंदी गालियां दी गईं और जान से मारने की धमकी भी मिली।
क्या है पूरा विवाद? शुरुआत में खबर आई थी कि जीतू कमाल ने सेट पर क्रू मेंबर्स के साथ बुरा बर्ताव किया और काम बीच में छोड़ दिया। लेकिन जीतू ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उन्होंने बताया, “मुझसे पूछा गया कि क्या यह हराम का पैसा है? मुझे धमकी दी गई कि मारकर ठंडा कर देंगे। शूटिंग का माहौल इतना खराब था कि मुझे वहां से निकलने पर मजबूर होना पड़ा।”
वीडियो फुटेज का दावा: जीतू कमाल का कहना है कि उनके पास उस पूरी घटना का वीडियो फुटेज है जिसमें उन्हें धमकाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग प्रभावशाली राजनेताओं के नाम लेकर उन्हें डराने की कोशिश कर रहे हैं। अभिनेता ने कहा कि बीमार होने के बावजूद उनसे जबरदस्ती काम कराया गया और उनकी सेहत का मजाक उड़ाया गया। वकील अयन चक्रवर्ती अब जीतू की ओर से इस कानूनी लड़ाई को आगे बढ़ाएंगे। इस फिल्म में जीतू के साथ श्राबंती चटर्जी मुख्य भूमिका में हैं।