बेसमेंट में रखा ज्वलनशील सामान बना आग का कारण? 30 दमकल गाड़ियां मौके पर, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

देश की राजधानी दिल्ली के दक्षिण-पश्चिम इलाके पालम में बुधवार सुबह एक रूह कंपा देने वाला हादसा हुआ। यहाँ एक पांच मंजिला रिहायशी इमारत में अचानक लगी भीषण आग ने कम से कम 7 लोगों की जान ले ली, जिनमें 3 मासूम बच्चे भी शामिल हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह अचानक बिल्डिंग के निचले हिस्से से धुआं निकलता देखा गया और देखते ही देखते आग ने ऊपर की मंजिलों को अपनी चपेट में ले लिया।
इमारत में फंसे लोग जान बचाने के लिए चीखने-चिल्लाने लगे। स्थिति इतनी भयावह थी कि कुछ निवासियों ने आग की लपटों से बचने के लिए बालकनी से नीचे छलांग लगा दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। दमकल विभाग का प्राथमिक अनुमान है कि बिल्डिंग के बेसमेंट और निचली मंजिलों में कपड़े और कॉस्मेटिक का सामान जमा कर रखा गया था, जिसकी वजह से आग तेजी से फैली।
सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की लगभग 30 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। राहत और बचाव कार्य अभी भी जारी है और घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। दिल्ली के मुख्यमंत्री ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है और मृतकों के परिवारों को सहायता का आश्वासन देते हुए मामले की जांच के आदेश दिए हैं।