इंस्टाग्राम के लिए मौत से खिलवाड़! लोडेड पिस्टल के साथ स्टंट दिखाना पड़ा भारी, वायरल वीडियो ने सबको दहलाया

सोशल मीडिया पर ‘रील्स’ बनाने का जुनून आज के युवाओं के लिए किस कदर जानलेवा साबित हो रहा है, इसकी एक रूह कपा देने वाली मिसाल पूर्वी दिल्ली के न्यू अशोक नगर इलाके से सामने आई है। यहाँ एक युवक अपनी ही रिवॉल्वर से खुद को गोली मार बैठा। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें युवक रील बनाने के चक्कर में अपनी जान गंवाते हुए दिख रहा है।

मृतक की पहचान पवन कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, पवन अपने भाई हिमांशु के साथ एक रील शूट कर रहा था। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि पवन अपनी लाइसेंसी पिस्टल में मैगजीन लोड कर रहा है। हिमांशु पीछे से उसे निर्देश दे रहा था कि मैगजीन को सही तरीके से कैसे डालना है। हालांकि, हिमांशु ने पवन को बार-बार चेतावनी दी थी कि वह गोली न चलाए और केवल पोज़ दे।

वीडियो के आखिरी हिस्से में पवन मुस्कुराते हुए पिस्टल को अपने सीने के बाईं ओर रखता है। तभी अनजाने में उसका हाथ ट्रिगर पर दब जाता है और गोली सीधे उसके सीने में जा लगती है। खून से लथपथ पवन तुरंत जमीन पर गिर पड़ा। हिमांशु की चीख पुकार सुनकर लोग इकट्ठा हुए और उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पिस्टल जब्त कर ली है और मामले की जांच कर रही है। यह घटना युवाओं में बढ़ती ‘रील मूर्खता’ का सबसे बड़ा और भयावह उदाहरण है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *