भारत गौरव ट्रेन से करें प्रभु राम के चरणों के दर्शन; दिल्ली से रामेश्वरम तक का पूरा रूट और किराया यहाँ देखें

भारत के तीर्थ स्थलों की महिमा सात समंदर पार तक फैली हुई है। वाराणसी, ऋषिकेश और अयोध्या जैसे पवित्र स्थानों पर साल भर देशी-विदेशी पर्यटकों का तांता लगा रहता है। श्रद्धालुओं की इसी आस्था को देखते हुए भारतीय रेलवे (Indian Railways) 30 मार्च से एक विशेष ‘रामायण यात्रा’ ट्रेन शुरू करने जा रहा है। 16 रात और 17 दिनों के इस विशेष दौरे में भगवान राम के जीवन से जुड़े सभी महत्वपूर्ण ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों के दर्शन कराए जाएंगे।
सुविधाएं और सफर का अनुभव IRCTC द्वारा संचालित ‘भारत गौरव डीलक्स एसी टूरिस्ट ट्रेन’ आधुनिक सुविधाओं से लैस है। यात्रियों की सुविधा के लिए इसमें फर्स्ट एसी, सेकंड एसी और थर्ड एसी की व्यवस्था की गई है। यह ट्रेन दिल्ली के सफदरजंग स्टेशन से अपनी यात्रा शुरू करेगी और सबसे पहले अयोध्या पहुंचेगी। इसके बाद नंदीग्राम, सीतामढ़ी, जनकपुर, बक्सर और वाराणसी होते हुए दक्षिण भारत के रामेश्वरम तक जाएगी।
प्रमुख धार्मिक स्थल जो आप देखेंगे:
- वाराणसी: काशी विश्वनाथ मंदिर, संकट मोचन मंदिर और गंगा आरती।
- प्रयागराज और चित्रकूट: त्रिवेणी संगम, हनुमान मंदिर, गुप्त गोदावरी और राम घाट।
- नासिक और हम्पी: त्र्यंबकेश्वर मंदिर, पंचवटी, विरूपाक्ष मंदिर और अंजनाद्री पहाड़ी।
- रामेश्वरम: रामनाथस्वामी मंदिर और धनुषकोडी। इसके अलावा बक्सर के रामरेखा घाट और सीतामढ़ी के सीता समाधि स्थल जैसे पवित्र स्थानों पर भी विशेष दर्शन की व्यवस्था होगी।
कितना आएगा खर्च? इस आध्यात्मिक यात्रा के लिए थर्ड एसी का किराया प्रति व्यक्ति 1,14,100 रुपये तय किया गया है। सेकंड एसी के लिए 1,51,225 रुपये और फर्स्ट एसी के लिए 1,64,940 रुपये देने होंगे। अगर आप ट्रिपल ऑक्यूपेंसी चुनते हैं, तो न्यूनतम खर्च 1,11,630 रुपये आएगा। इस ट्रेन में कुल 150 यात्रियों के बैठने की क्षमता है। टिकटों की बुकिंग शुरू हो चुकी है, जो ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर उपलब्ध है।