बंगाल चुनाव 2026: टिकट बंटते ही टीएमसी में बगावत! कैनिंग ईस्ट में आगजनी, समर्थकों ने बाहरी उम्मीदवार को नकारा

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए तृणमूल कांग्रेस (TMC) की उम्मीदवार सूची जारी होते ही दक्षिण 24 परगना के कैनिंग ईस्ट में भारी बवाल शुरू हो गया है। पार्टी द्वारा मोहम्मद बहारुल इस्लाम को उम्मीदवार बनाए जाने के फैसले के खिलाफ कद्दावर नेता शौकत मोल्ला के समर्थकों ने सड़कों पर उतरकर हिंसक प्रदर्शन किया। मंगलवार रात को गुस्साए कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर टायर जलाकर रास्ता जाम कर दिया और ‘बाहरी उम्मीदवार’ वापस लेने के नारे लगाए।
शौकत मोल्ला के समर्थकों का अल्टीमेटम: प्रदर्शनकारियों का कहना है कि उन्होंने सालों तक शौकत मोल्ला के नेतृत्व में संगठन को मजबूत किया है, ऐसे में किसी बाहरी व्यक्ति को टिकट देना स्वीकार्य नहीं है। स्थिति को संभालने के लिए खुद शौकत मोल्ला मौके पर पहुंचे और कार्यकर्ताओं को शांत करने की कोशिश की, लेकिन समर्थकों का गुस्सा सातवें आसमान पर था। पुलिस को भीड़ नियंत्रित करने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।
कैनिंग वेस्ट और बारुईपुर ईस्ट में जश्न का माहौल: जहां एक तरफ कैनिंग ईस्ट में तनाव है, वहीं कैनिंग वेस्ट और बारुईपुर ईस्ट में टीएमसी कार्यकर्ताओं के बीच भारी उत्साह देखा गया। कैनिंग वेस्ट से परेशराम दास का नाम दोबारा घोषित होने पर समर्थकों ने हरे गुलाल के साथ जश्न मनाया। वहीं, बारुईपुर ईस्ट से उम्मीदवार विभाष सरदार ने टिकट मिलते ही खुद सड़कों पर उतरकर दीवार लेखन (Wall Writing) शुरू कर दी और अपना चुनाव प्रचार तेज कर दिया है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि कैनिंग ईस्ट की यह आंतरिक कलह चुनाव परिणामों पर असर डाल सकती है, अगर समय रहते इसे सुलझाया नहीं गया।