ममता की लिस्ट में बड़ा फेरबदल! हुगली के 4 दिग्गज विधायकों का टिकट कटा, मनोरंजन ने जाहिर किया दर्द

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए तृणमूल कांग्रेस (TMC) की उम्मीदवार सूची जारी होते ही राज्य में सियासी पारा बढ़ गया है। ममता बनर्जी द्वारा घोषित लिस्ट में इस बार 74 मौजूदा विधायकों के नाम काट दिए गए हैं, जिनमें सबसे चर्चित नाम बलागढ़ के विधायक और मशहूर लेखक मनोरंजन व्यापारी का है। उनके साथ हुगली जिले के कांचन मल्लिक और रत्ना दे नाग जैसे दिग्गजों को भी पार्टी ने इस बार मौका नहीं दिया है।
टिकट कटने के बाद मनोरंजन व्यापारी ने फेसबुक पर एक लंबा और भावुक पोस्ट लिखकर अपनी चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने लिखा, “मुझे पहले से ही अंदाजा था कि इस बार मुझे टिकट नहीं मिलेगा, इसलिए मैं दोपहर को सो रहा था।” व्यापारी ने कहा कि TMC पूरी तरह से ममता बनर्जी की पार्टी है और उम्मीदवार चुनना उनका व्यक्तिगत फैसला है। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान रेत माफिया, गो-तस्करी और राशन चोरी के खिलाफ कड़ी लड़ाई लड़ी, शायद इसी वजह से कुछ लोग उनसे नाराज थे।
मनोरंजन व्यापारी ने आगे लिखा, “विरोधियों ने भी मेरी ईमानदारी पर कभी कीचड़ नहीं उछाला। विदाई के समय मैं यही सम्मान लेकर जा रहा हूं।” उन्होंने संकेत दिया कि पिछले पांच वर्षों में वे लेखन कार्य से दूर हो गए थे, अब वे फिर से अपनी कलम उठाएंगे। उनके इस बयान को राजनीति से संन्यास के संकेत के रूप में देखा जा रहा है। बलागढ़ से अब टीएमसी ने रंजन धारा को चुनावी मैदान में उतारा है।