कमरहाटी में फिर चलेगा ‘ओह लवली’ का जादू! मदन मित्रा ने शुरू किया प्रचार, मानुस मुखर्जी पर साधा निशाना

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए जैसे ही ममता बनर्जी ने उम्मीदवारों की सूची जारी की, कमरहाटी के निवर्तमान विधायक मदन मित्रा पूरे जोश में नजर आए। मंगलवार को नाम घोषित होने के तुरंत बाद, बुधवार सुबह मदन मित्रा ने स्थानीय जगन्नाथ मंदिर में माथा टेका और विधिवत रूप से अपने चुनाव प्रचार का शंखनाद कर दिया। लगातार चौथी बार कमरहाटी से टिकट मिलने पर उन्होंने पार्टी नेतृत्व का आभार जताया और तुरंत जनसंपर्क में जुट गए।
मंदिर से बाहर निकलते ही मदन मित्रा अपने चिरपरिचित अंदाज में नजर आए। उन्होंने अपने नारों और मजाकिया लहजे के साथ जनता से संवाद शुरू किया। इस दौरान उन्होंने सीपीआईएम (CPIM) के दिग्गज उम्मीदवार और पूर्व विधायक मानुस मुखर्जी पर तीखा हमला बोला। मदन मित्रा ने कहा, “कमरहाटी की जनता विकास चाहती है, पुरानी विचारधारा नहीं। यहां मुकाबला सिर्फ विकास और विनाश के बीच है।”
मदन मित्रा की लोकप्रियता उनके क्षेत्र में काफी अधिक है और वे सोशल मीडिया पर भी खासे सक्रिय रहते हैं। उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि इस बार का चुनाव वे रिकॉर्ड वोटों से जीतेंगे। प्रचार के पहले ही दिन उन्होंने कमरहाटी की गलियों में घूम-घूम कर लोगों से मुलाकात की और ‘दीदी’ के संदेश को घर-घर पहुंचाया। अब देखना यह है कि कमरहाटी के इस ‘कलरफुल’ नेता का जादू 2026 में कितना कमाल दिखाता है।