स्कूलों में गर्मी की छुट्टी पर चली कैंची! पश्चिम बंगाल में इस बार सिर्फ 6 दिन का मिलेगा ब्रेक?

पश्चिम बंगाल मध्य शिक्षा बोर्ड (WBBSE) ने साल 2026 के लिए स्कूलों की छुट्टियों की जो सूची जारी की है, उसने अभिभावकों और शिक्षकों को हैरान कर दिया है। बोर्ड के नए ‘मॉडल’ कैलेंडर के अनुसार, इस साल गर्मियों की छुट्टियां केवल 6 दिनों के लिए निर्धारित की गई हैं— 11 मई से 16 मई तक। दक्षिण बंगाल में मई महीने की भीषण गर्मी को देखते हुए इतने कम दिनों की छुट्टी पर अब विवाद खड़ा हो गया है।

बोर्ड का तर्क है कि साल भर में कुल छुट्टियों की संख्या 65 दिनों से अधिक नहीं हो सकती। चूंकि अन्य त्योहारों और सरकारी घोषित छुट्टियों की संख्या बढ़ गई है, इसलिए संतुलन बनाए रखने के लिए गर्मी की छुट्टियों में कटौती की गई है। हालांकि, दुर्गा पूजा की छुट्टियों में कोई कमी नहीं की गई है, जो 15 अक्टूबर से 12 नवंबर तक कुल 25 दिनों की रहेगी।

शिक्षक संगठनों ने इस 6 दिन की छुट्टी को ‘अवास्तविक’ करार दिया है। उनका कहना है कि हीटवेव और लू के थपेड़ों के बीच स्कूल चलाना बच्चों की सेहत के साथ खिलवाড় होगा। हालांकि, जानकारों का मानना है कि पिछले वर्षों की तरह इस बार भी अगर गर्मी बढ़ती है, तो मुख्यमंत्री ममता बनर्जी खुद हस्तक्षेप कर छुट्टियों की अवधि बढ़ा सकती हैं। साल 2025 में भी गर्मी के कारण छुट्टियों को एक महीने तक बढ़ा दिया गया था। ऐसे में अभिभावकों को उम्मीद है कि शिक्षा विभाग जल्द ही इस पर पुनर्विचार करेगा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *