हुमायूं कबीर का बड़ा धमाका! 182 सीटों पर उम्मीदवार उतारकर बंगाल चुनाव का समीकरण बिगाड़ने की तैयारी

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 की सरगर्मियों के बीच हुमायूं कबीर ने अपनी नई पार्टी ‘आम जनता विकास पार्टी’ (AJUP) के जरिए एक बड़ा राजनीतिक दांव खेला है। बुधवार को कोलकाता में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने घोषणा की कि उनकी पार्टी बंगाल की 182 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। हुमायूं कबीर ने अपनी पहली लिस्ट जारी करते हुए मुर्शिदाबाद और मालदा के उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया है।

हुमायूं कबीर खुद मुर्शिदाबाद की दो सीटों— रेजीनगर और नौदा से चुनाव मैदान में उतरेंगे। उनकी लिस्ट में सबसे ज्यादा चर्चा का विषय यासिन हैदर हैं, जिन्हें कंडी से उम्मीदवार बनाया गया है। यासिन हैदर, बंगाल के कद्दावर मंत्री फिरहाद हकीम के पूर्व दामाद हैं। इसके अलावा, उन्होंने भवानीपुर सीट पर भी एक गैर-बंगाली मुस्लिम उम्मीदवार को उतारने का फैसला किया है, जो सीधे तौर पर तृणमूल कांग्रेस के वोट बैंक को प्रभावित कर सकता है।

मालदा के सुजापुर, वैष्णवनगर और मुर्शिदाबाद के हरिहरपाड़ा जैसे इलाकों में मजबूत उम्मीदवार उतारकर हुमायूं कबीर ने संकेत दिया है कि वे केवल दिखावे के लिए चुनाव नहीं लड़ रहे। उनका कहना है कि उनकी पार्टी कुछ सीटों पर ‘मीम’ (AIMIM) को भी कड़ी टक्कर देगी। जानकारों का मानना है कि हुमायूं कबीर का यह कदम खासकर मुस्लिम बहुल इलाकों में टीएमसी और कांग्रेस के लिए सिरदर्द बन सकता है। अब देखना यह है कि 182 सीटों का यह दांव बंगाल की सत्ता की चाबी किसके हाथ में सौंपता है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *