बंगाल के समंदर किनारे मिला रहस्यमयी ‘लड़ाकू विमान’! बकखाली में लाल-पीले ड्रोन से मचा हड़कंप

पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना और पश्चिम मेदिनीपुर जिलों में बुधवार को आसमान से गिरे दो रहस्यमयी ड्रोनों ने हड़कंप मचा दिया है। बकखाली के कारगिल समुद्र तट पर मछली पकड़ने गए मछुआरों को एक लाल-पीले रंग का जेटनुमा ड्रोन मिला, जिसके अंदर पेचीदा तार और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण लगे हुए थे। स्थानीय लोगों के बीच इसे लेकर युद्ध जैसी स्थिति का डर पैदा हो गया है।
पुलिस और रक्षा विशेषज्ञों के अनुसार, यह एक ‘टारगेट ड्रोन’ हो सकता है जिसका उपयोग भारतीय नौसेना या वायु सेना हवाई अभ्यास के लिए करती है। यह दुश्मन के विमानों की नकल करने के लिए बनाया गया है। पुलिस अब रक्षा विभाग से संपर्क कर यह जानने की कोशिश कर रही है कि यह सैन्य उपकरण रिहायशी इलाके तक कैसे पहुंचा।
उधर, पश्चिम मेदिनीपुर के दांतन इलाके में भी एक धान के खेत से इसी तरह का बड़ा ड्रोन बरामद हुआ है। विधानसभा चुनाव 2026 के बीच बंगाल के दो अलग-अलग कोनों में ड्रोनों के मिलने से खुफिया एजेंसियां भी सतर्क हो गई हैं। क्या यह केवल एक दुर्घटना है या इसके पीछे कोई बड़ी साजिश, पुलिस इसकी सघन जांच कर रही है।