ड्राई फ्रूट्स के दाम में लगी आग! काजू-बादाम से लेकर खजूर तक 50% महंगे, युद्ध ने बिगाड़ा रसोई का बजट

पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष ने दिल्ली के रसोई घरों और व्यापारिक केंद्रों को अपनी चपेट में ले लिया है। देश की राजधानी में ड्राई फ्रूट्स (Dry Fruits) की कीमतें २० से ५० प्रतिशत तक बढ़ गई हैं। एशिया के सबसे बड़े थोक बाजार, खारी बावली में आपूर्ति ठप होने से बादाम, पिस्ता और खजूर के दाम आसमान छू रहे हैं। ईद के करीब आते ही खजूर की मांग बढ़ी है, लेकिन स्टॉक सीमित होने से व्यापारी चिंतित हैं।

दवाइयों और व्यापार पर बड़ा संकट चेंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) ने चेतावनी दी है कि इस युद्ध से दिल्ली का लगभग ५,००० करोड़ रुपये का व्यापार प्रभावित हो सकता है। संकट केवल खाने-पीने तक सीमित नहीं है; कच्चे माल की कमी के कारण दवा उद्योग भी दबाव में है। पैरासिटामोल (Paracetamol) की कीमत में ४७ प्रतिशत की भारी वृद्धि हुई है, जबकि डिक्लोफेनाक जैसी अन्य जरूरी दवाओं के दाम भी बढ़ गए हैं।

स्ट्रीट फूड और छोटे व्यापारियों की मुश्किलें दिल्ली के लगभग ५०,००० स्ट्रीट फूड विक्रेताओं में से २० से ३० प्रतिशत को सप्लाई की कमी के कारण अपना काम बंद करना पड़ सकता है। ईरान से आने वाले पिस्ता, अंजीर और मामरा बादाम की कीमतों में ३० से ४० प्रतिशत का उछाल आया है। यदि युद्ध जल्द समाप्त नहीं हुआ, तो आने वाले हफ्तों में आपूर्ति और भी कम हो सकती है, जिससे आम जनता की मुश्किलें बढ़ना तय है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *