कोलकाता नगर निगम में रचा गया इतिहास! पहली महिला नगर आयुक्त बनीं स्मिता पांडे

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले चुनाव आयोग ने प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। इस बदलाव के कारण कोलकाता नगर निगम (KMC) में एक साथ दो ऐतिहासिक घटनाएं घटी हैं। २००५ बैच की आईएएस अधिकारी स्मिता पांडे कोलकाता नगर निगम की पहली महिला नगर आयुक्त नियुक्त की गई हैं। वहीं, निवर्तमान आयुक्त अंशुल गुप्ता ने मात्र ११ दिनों तक पद पर रहकर सबसे छोटे कार्यकाल का एक नया रिकॉर्ड बनाया है।
कौन हैं स्मिता पांडे? लखनऊ विश्वविद्यालय से उच्च शिक्षा प्राप्त करने वाली स्मिता पांडे बंगाल कैडर की अनुभवी अधिकारी हैं। इससे पहले वे सार्वजनिक उद्यम और उद्योग पुनर्निर्माण विभाग में सचिव के पद पर तैनात थीं। अब वे कोलकाता नगर निगम के आयुक्त के साथ-साथ उत्तर कोलकाता की जिला निर्वाचन अधिकारी (DEO) की जिम्मेदारी भी संभालेंगी।
बदलावों का दौर चुनाव आयोग ने बुधवार को स्मिता पांडे के साथ-साथ राज्य के १३ आईएएस अधिकारियों का तबादला किया है, जिनमें ११ जिलाधिकारी (DM) शामिल हैं। अंशुल गुप्ता, जो ७ मार्च को पद पर आए थे, उन्हें महज ११ दिनों में ही स्थानांतरित कर दिया गया। कोलकाता नगर निगम के इतिहास में खलील अहमद ने सबसे लंबे समय (८ साल) तक कमिश्नर रहने का रिकॉर्ड बनाया था, जबकि अब अंशुल गुप्ता के नाम सबसे कम समय का रिकॉर्ड दर्ज हो गया है।