बंगाल चुनाव 2026: लेफ्ट फ्रंट की दूसरी लिस्ट आउट! नंदीग्राम और भवानीपुर में कौन देगा टक्कर?

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए वाम मोर्चे (Left Front) ने अपनी बिसात बिछा दी है। गुरुवार को कोलकाता में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में वामदलों ने अपनी दूसरी सूची जारी करते हुए 32 और उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया। इससे पहले 192 और सीपीआईएमएल (लिबरेशन) की 10 सीटों के बाद अब कुल 234 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम स्पष्ट हो चुके हैं। हालांकि, इस लिस्ट में मोहम्मद सलीम, शतयूप घोष और सृजन भट्टाचार्य जैसे बड़े चेहरों का न होना चर्चा का विषय बना हुआ है।
नंदीग्राम और भवानीपुर पर सबकी नजर: वाम मोर्चे ने नंदीग्राम की हाई-प्रोफाइल सीट से शांति गिरी को उम्मीदवार बनाया है। वहीं, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के निर्वाचन क्षेत्र भवानीपुर से एडवोकेट श्रीजीब विश्वास ताल ठोकेंगे। टॉलीगंज से प्रोफेसर पार्थ प्रतिम विश्वास और बालीगंज से आफरीन बेगम को मैदान में उतारा गया है। पार्टी ने इस बार शिक्षित और पेशेवर उम्मीदवारों पर अधिक भरोसा जताया है।
युवा और शिक्षित चेहरों पर दांव: वामपंथियों की इस नई सूची में वकीलों और प्रोफेसरों की संख्या काफी अधिक है। चंपदानी से एडवोकेट चंद्रनाथ बनर्जी और मेटियाब्रुज़ से एडवोकेट मुनीरुल इस्लाम को टिकट दिया गया है। नयाग्राम से डॉक्टर पुलिन बिहारी बासके को उम्मीदवार बनाकर पार्टी ने अपनी रणनीति साफ कर दी है।
मुख्य उम्मीदवारों की सूची:
- डायमंड हार्बर: समरेंद्रनाथ नैया
- आसनसोल उत्तर: अखिलेश कुमार सिंह
- कृष्णनगर उत्तर: अद्वैत विश्वास
- रानीनगर: जमाल हुसैन
- कल्याणी (SC): सबुज दास
राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि बड़े नेताओं को चुनावी मैदान से बाहर रखकर शायद उन्हें पूरे राज्य में प्रचार की जिम्मेदारी सौंपी गई है। मोहम्मद सलीम की मौजूदगी में जारी की गई यह लिस्ट साफ संकेत देती है कि वाम मोर्चा इस बार ‘प्रोफेशनल और यंग’ चेहरों के दम पर बंगाल की सत्ता में वापसी की कोशिश कर रहा है।