गंगा में नहाने गए 9वीं के छात्र के साथ हुआ खौफनाक हादसा, देखते ही देखते लहरों में समाया!

शुक्रवार की सुबह हुगली जिले के चुंचुड़ा स्थित जोड़ा घाट पर एक हृदयविदारक घटना घटी। अपने दोस्तों के साथ गंगा स्नान करने गया 14 वर्षीय छात्र माणिक देबनाथ अचानक आई तेज लहरों (बान) की चपेट में आकर लापता हो गया। माणिक बैंडेल विद्यामंदिर हाई स्कूल का छात्र था और नलडांगा इलाके का निवासी था।

प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह बैंडेल के नलडांगा से तीन दोस्त चुंचुड़ा के जोड़ा घाट पर नहाने पहुंचे थे। जब दो दोस्त किनारे पर थे, तभी माणिक पानी में थोड़ा आगे निकल गया। इसी बीच गंगा में अचानक ‘बान’ (High Tide) आ गई। लहरों का वेग इतना तीव्र था कि माणिक संभल नहीं पाया और देखते ही देखते गहरे पानी में समा गया।

अपने दोस्त को आंखों के सामने डूबता देख बाकी दोनों दोस्तों ने शोर मचाना शुरू किया। घाट पर मौजूद अमित दास नामक युवक ने बताया, “हमने अचानक चिल्लाने की आवाज सुनी। देखा कि एक लड़का लहरों के साथ बह रहा है, दूर से सिर्फ उसका सिर दिखाई दे रहा था। हमने तुरंत गंगा में छलांग लगाई, लेकिन बहाव इतना तेज था कि उसे पकड़ नहीं पाए।” घटना की सूचना मिलते ही चुंचुड़ा थाने की पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीम मौके पर पहुंची। गोताखोरों और स्पीड बोट की मदद से तलाशी अभियान शुरू किया गया है, लेकिन खबर लिखे जाने तक छात्र का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। इस हादसे के बाद पीड़ित परिवार और पूरे इलाके में शोक की लहर है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *