बंगाल चुनाव की तैयारियों का जायजा लेने फिर कोलकाता पहुंचेंगे डिप्टी इलेक्शन कमिश्नर! अधिकारियों के साथ बड़ी बैठक!

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव 2026 की घोषणा के बाद चुनावी मशीनरी पूरी तरह सक्रिय हो गई है। राज्य में चुनाव की तैयारियों की समीक्षा करने के लिए डिप्टी इलेक्शन कमिश्नर ज्ञानेश भारती दो दिवसीय दौरे पर बंगाल आ रहे हैं। जानकारी के अनुसार, वे 25 और 26 मार्च को कोलकाता में रहेंगे। इस दौरे का मुख्य उद्देश्य राज्य की सुरक्षा व्यवस्था, संवेदनशील बूथों की पहचान और पूरक मतदाता सूची (Supplementary List) की तैयारियों का जायजा लेना है।
अपने प्रवास के दौरान ज्ञानेश भारती पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) मनोज अग्रवाल के साथ विशेष बैठक करेंगे। इसके अलावा, वे राज्य के सभी जिलाधिकारियों (DM), पुलिस अधीक्षकों (SP) और डीजी (DG) के साथ भी चर्चा करेंगे। आयोग इस बार मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को रोकने के लिए न्यायिक अधिकारियों की रिपोर्ट पर विशेष ध्यान दे रहा है।
दूसरी ओर, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और चुनाव आयोग के बीच टकराव बढ़ता जा रहा है। मुख्यमंत्री ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को तीन पन्नों का एक शिकायती पत्र भेजा है। इसमें उन्होंने आरोप लगाया है कि चुनाव आयोग पक्षपाती तरीके से काम कर रहा है और संवैधानिक मर्यादाओं को ताक पर रख दिया है। ममता बनर्जी ने ‘स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन’ (SIR) प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि आयोग ने जमीनी हकीकत को नजरअंदाज किया है, जिसके कारण राज्य को सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाना पड़ा। चुनाव की तारीखों के बीच आयोग का यह दौरा और मुख्यमंत्री के तीखे तेवर बंगाल की राजनीति को और गर्मा रहे हैं।