ईद पर सियासत का ‘डबल डोज’! मीनाक्षी को कल्याण ने बताया ‘प्रवासी’, श्रीरामपुर में छिड़ा जुबानी जंग

पश्चिम बंगाल में ईद-उल-फितर के पवित्र अवसर पर भी राजनीतिक सरगर्मी कम नहीं हुई। श्रीरामपुर लोकसभा क्षेत्र में शनिवार की सुबह एक तरफ शिष्टाचार की तस्वीर दिखी, तो दूसरी तरफ तीखे बयानों ने माहौल गर्मा दिया। टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी ने सीपीआईएम उम्मीदवार मीनाक्षी मुखर्जी पर हमला बोलते हुए उन्हें ‘प्रवासी उम्मीदवार’ करार दिया। इतना ही नहीं, कल्याण ने मीनाक्षी को सलाह दी कि वे चुनाव में हार के डर से अभी से अगली बार के लिए कोई नई सीट ढूंढना शुरू कर दें।
घटना उत्तरपारा के कोन्नगर धारसा की है, जहां ईदगाह में लोगों को बधाई देने पहुंचे टीएमसी उम्मीदवार के बेटे शीर्षन्य बनर्जी की मुलाकात मीनाक्षी मुखर्जी से हुई। दोनों ने मुस्कुराते हुए हाथ मिलाया और एक-दूसरे का हालचाल जाना। शीर्षन्य ने मीडिया से कहा, “आज उत्सव का दिन है, प्रचार का नहीं। हमारी लड़ाई विचारधारा की है, व्यक्तिगत नहीं।”
हालांकि, सौहार्द की यह तस्वीर ज्यादा देर नहीं टिकी। कल्याण बनर्जी ने मैदान संभालते हुए मीनाक्षी पर तंज कसा। उन्होंने कहा, “वामपंथियों ने 34 साल में जो किया है, उसके बाद उनके पास दिखाने के लिए चेहरा नहीं है। वे कभी यहां से लड़ते हैं तो कभी वहां से, और हर बार हारते हैं। इस बार भी हार तय है, इसलिए मैं उन्हें सलाह देता हूं कि वे अगले चुनाव के लिए अभी से जगह देख लें।”
कल्याण के इस कड़े प्रहार के बावजूद मीनाक्षी मुखर्जी ने बेहद संयम का परिचय दिया। उन्होंने विवाद में पड़ने के बजाय शांति से उत्तर दिया, “आज खुशी की ईद है। सभी धर्मों और वर्गों के लोग साथ मिलकर त्योहार मना रहे हैं। आज का दिन खुशियों का है, मैं चाहती हूं कि आज सब जीतें।” मीनाक्षी का यह संतुलित जवाब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है, जबकि कल्याण बनर्जी का हमला चुनावी माहौल को और तेज कर रहा है।