“बंगाल को टारगेट करने वाले जहन्नुम जाएंगे”, ईद के मंच से ममता बनर्जी की बीजेपी को सीधी चेतावनी

ईद-उल-फितर के पावन अवसर पर हर साल की तरह इस बार भी मुख्यमंत्री ममता बनर्जी कोलकाता के रेड रोड स्थित ईदगाह पहुंचीं। उनके साथ तृणमूल कांग्रेस के सेकंड-इन-कमांड अभिषेक बनर्जी भी मौजूद थे। बारिश के बावजूद हजारों की संख्या में मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला।
संबोधन की शुरुआत में मुख्यमंत्री ने कहा, “बारिश के कारण थोड़ी असुविधा हो रही है, लेकिन यह अल्लाह की रहमत है।” इसके तुरंत बाद वे राजनीतिक मुद्दों पर आ गईं। मतदाता सूची से नाम काटे जाने और एनआरसी जैसे मुद्दों पर उन्होंने कहा, “कई लोगों के नाम काट दिए गए हैं। इसके हक के लिए हम दिल्ली से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक लड़े हैं। मुझे भरोसा है कि जनता की इज्जत बरकरार रहेगी। कोई आपके साथ हो न हो, मैं आपके परिवार की सदस्य बनकर हमेशा खड़ी रहूंगी।”
प्रधानमंत्री को सीधी चुनौती देते हुए ममता ने कहा, “हम मोदी जी को अपना अधिकार छीनने नहीं देंगे। मुझे भारत पर गर्व है और मैं विश्व शांति का संदेश देना चाहती हूं।” उन्होंने भाजपा को ‘चोरों और गुंडों की पार्टी’ करार दिया और कुछ ‘गद्दारों’ पर भाजपा से पैसे लेकर राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कड़े लहजे में कहा, “जो डर गया, समझो मर गया। मैं डरने वालों में से नहीं हूं। जो भी बंगाल को निशाना बनाएगा, वह जहन्नुम जाएगा।”