सावधान! उत्तर बंगाल में अति भारी बारिश का अलर्ट, कोलकाता समेत पूरे राज्य में ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी

पश्चिम बंगाल में गर्मी की दस्तक से पहले ही कुदरत का अलग रूप देखने को मिल रहा है। पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के चलते शनिवार (21 मार्च) को कोलकाता सहित पूरे राज्य में भारी बारिश और ठंडी हवाओं का दौर जारी है। उत्तर बंगाल के संदाकफू में जबरदस्त बर्फबारी हुई है, जिससे सड़कें सफेद चादर से ढक गई हैं। अलीपुर मौसम विभाग ने आज पूरे बंगाल के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है, जिसमें गरज के साथ तेज बारिश की संभावना जताई गई है।
रात भर हुई बारिश के कारण कोलकाता के तापमान में रिकॉर्ड 6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री से गिरकर 19.2 डिग्री पर आ गया है, जिससे मार्च के महीने में भी लोगों को सिहरन महसूस हो रही है। हवा में नमी का स्तर 94% तक पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार, कोलकाता, हावड़ा, हुगली और दक्षिण 24 परगना में आज भी छिटपुट बारिश जारी रहेगी। वहीं, मेदिनीपुर, पुरुलिया और बांकुरा में हल्की से मध्यम बारिश के साथ बिजली गिरने की आशंका है।
उत्तर बंगाल के जलपाईगुड़ी और अलीपुरद्वार जिलों में ‘अति भारी बारिश’ की चेतावनी दी गई है। दार्जिलिंग और कलिम्पोंग में भी मौसम खराब रहने के आसार हैं। हालांकि इस सुहावने मौसम से पर्यटकों में खुशी है, लेकिन बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। फसलों के नुकसान की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है।