BJP में टिकट को लेकर संग्राम! सांसद राजू बिस्ता का बड़ा बयान- ‘TMC से आए घुसपैठिये’ कर रहे हैं हंगामा

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव २०२६ के लिए उम्मीदवारों के चयन को लेकर भारतीय जनता पार्टी के भीतर मचे घमासान पर दार्जिलिंग के सांसद राजू बिस्ता ने तीखा प्रहार किया है। रविवार को सिलीगुड़ी में उत्तर बंगाल के प्रत्याशियों और वरिष्ठ नेताओं की एक अहम बैठक हुई, जिसमें सुनील बंसल और भूपेंद्र यादव जैसे दिग्गज मौजूद थे। बैठक के बाद राजू बिस्ता ने स्पष्ट कहा कि पार्टी में जारी विरोध प्रदर्शनों के पीछे वे लोग हैं जो तृणमूल कांग्रेस छोड़कर केवल ‘टिकट के लालच’ में बीजेपी में शामिल हुए थे।

‘बाहरी’ नेताओं पर फोड़ा ठीकरा सांसद राजू बिस्ता ने कहा कि बीजेपी एक अनुशासित पार्टी है, लेकिन हाल के दिनों में कुछ ऐसे ‘अनुप्रवेशकारी’ (घुसपैठिये) आ गए हैं जिनका मकसद सिर्फ सत्ता सुख भोगना है। उन्होंने कहा, “असली कार्यकर्ता कभी पार्टी कार्यालय में तोड़फोड़ नहीं करता। ये वे लोग हैं जो टीएमसी से आए थे और अब टिकट न मिलने पर पार्टी को बदनाम कर रहे हैं।” राजू बिस्ता के इस बयान ने पार्टी के भीतर ‘पुराने बनाम नए’ की लड़ाई को और हवा दे दी है।

डैमेज कंट्रोल की तैयारी बैठक में उत्तर बंगाल की उन सीटों पर चर्चा हुई जहाँ उम्मीदवारों को लेकर भारी विरोध देखा गया है। पार्टी अब डैमेज कंट्रोल मोड में है और नाराज कार्यकर्ताओं को मनाने की जिम्मेदारी जिला स्तर के नेताओं को सौंपी गई है। साथ ही, पीएम मोदी और अमित शाह के उत्तर बंगाल दौरों की रूपरेखा भी तैयार की गई है। राजू बिस्ता ने गठबंधन के मुद्दे पर भी साफ किया कि GNLF के साथ कोई मनमुटाव नहीं है और सभी सहयोगी दल एकजुट हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *