ममता के गढ़ में मोदी की १४ दहाड़! नितिन नवीन के बंगाल दौरे से बढ़ी हलचल, जानें बीजेपी का पूरा प्रचार कार्यक्रम!

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव २०२६ की तारीखों के एलान के साथ ही राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सोमवार को कोलकाता पहुंच रहे हैं। २० जनवरी को पदभार संभालने के बाद बंगाल का उनका यह दौरा काफी अहम माना जा रहा है। मंगलवार को वे न्यूटाउन के एक होटल में प्रदेश बीजेपी कोर कमेटी के साथ मैराथन बैठक करेंगे। इस बैठक का मुख्य एजेंडा टिकट बंटवारे को लेकर हो रहे असंतोष को दूर करना और बाकी बचे उम्मीदवारों के नामों पर अंतिम मुहर लगाना है।

सूत्रों के मुताबिक, बीजेपी इस बार बंगाल में अपने सबसे बड़े चेहरों को उतारने की तैयारी में है। रामनवमी के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बंगाल में १४ विशाल जनसभाएं और रोड-शो करेंगे। गृह मंत्री अमित शाह ८, जेपी नड्डा ६ और खुद नितिन नवीन ७ रैलियों को संबोधित करेंगे। इसके अलावा, सुपरस्टार मिथुन चक्रवर्ती १० मेगा रोड-शो के जरिए बीजेपी के पक्ष में माहौल बनाएंगे। बताया जा रहा है कि २६ मार्च को पीएम मोदी दक्षिण बंगाल के आसनसोल या नदिया में अपनी पहली बड़ी चुनावी सभा कर सकते हैं।

ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी की राज्यव्यापी रैलियों के जवाब में बीजेपी का यह ‘मेगा प्लान’ काफी आक्रामक नजर आ रहा है। बंगाल में इस बार चुनाव दो चरणों (२३ और २९ अप्रैल) में होने जा रहे हैं और नतीजे ४ मई को आएंगे। नितिन नवीन की इस यात्रा से बीजेपी कार्यकर्ताओं में नया जोश भरने की कोशिश की जाएगी। टिकट को लेकर जारी खींचतान और प्रचार की रणनीति पर होने वाली इस बैठक से साफ हो जाएगा कि बंगाल की सत्ता के लिए बीजेपी का अगला कदम क्या होगा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *