भवानीपुर में ६० हजार की ‘जंग’! अभिषेक का टारगेट वर्सेस सुवेंदु की चुनौती, ममता के गढ़ में मचा घमासान!

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव २०२६ के लिए भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र एक बार फिर सबसे बड़ा रणक्षेत्र बन गया है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को उनके अपने गढ़ में ऐतिहासिक जीत दिलाने के लिए अभिषेक बनर्जी ने पूरी ताकत झोंक दी है। रविवार को भवानीपुर के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अभिषेक ने जीत का लक्ष्य ६०,००० वोटों का तय किया है। यह लक्ष्य सीधे तौर पर नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी की उस चुनौती का जवाब है, जिसमें उन्होंने भवानीपुर से भाजपा की २५,००० वोटों से जीत का दावा किया था।
अभिषेक बनर्जी ने पार्टी कार्यकर्ताओं को ‘वोकल टॉनिक’ देते हुए साफ कहा कि कोलकाता की १२ सीटों में से भवानीपुर की जीत का अंतर सबसे ज्यादा होना चाहिए। उन्होंने निर्देश दिया कि पिछले चुनाव के २३१ बूथों की बढ़त को न केवल बरकरार रखना है, बल्कि हर बूथ पर कम से कम ५ नए वोट जोड़ने हैं। २०२१ के उपचुनाव में ममता बनर्जी ५९,००० वोटों से जीती थीं, और अब अभिषेक उस रिकॉर्ड को भी पार करना चाहते हैं।
प्रचार के दौरान अभिषेक ने केंद्र की ‘आयुष्मान भारत’ और राज्य की ‘स्वास्थ्य साथी’ योजना की तुलना करते हुए कहा कि ममता सरकार की योजनाएं आम जनता के लिए ज्यादा सुलभ हैं। उन्होंने ‘लक्ष्मी भंडार’ जैसी योजनाओं का हवाला देते हुए भाजपा शासित राज्यों पर तंज कसा। अभिषेक ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे घर-घर जाकर प्रधानमंत्री की भव्य जीवनशैली और ममता बनर्जी की सादगी के बीच के अंतर को समझाएं। उन्होंने ममता बनर्जी की ‘१० शपथ’ को हर मतदाता तक पहुँचाने का आह्वान किया और कहा कि यह लड़ाई अब बंगाल के सम्मान की है।