नाम कटने पर न हों परेशान! 19 विशेष ट्रिब्यूनल करेंगे शिकायतों का निपटारा; प्रशासन अलर्ट

पश्चिम बंगाल के लाखों मतदाताओं के लिए आज का दिन बेहद महत्वपूर्ण है। चुनाव आयोग आज शाम तक ‘स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन’ (SIR) की पहली सप्लीमेंट्री वोटर लिस्ट जारी करने जा रहा है। आयोग के अनुसार, लगभग 28.06 लाख मतदाताओं के दस्तावेजों का सत्यापन पूरा हो चुका है और उन्हें इस लिस्ट में जगह दी गई है। बता दें कि 28 फरवरी को जारी लिस्ट में करीब 60 लाख नाम ‘अंडर एडजुडिकेशन’ यानी विचाराधीन रखे गए थे।
कहां और कैसे देखें लिस्ट? मतदाता अपना नाम चुनाव आयोग की वेबसाइट (voters.eci.gov.in) या ECINet ऐप पर ऑनलाइन देख सकते हैं। इसके अलावा, जिला मुख्यालय, एसडीओ, बीडीओ और स्थानीय बूथों पर भी यह सूची सार्वजनिक की जाएगी। लिस्ट में दो हिस्से होंगे—एक स्वीकृत नाम और दूसरा हटाए गए (Deleted) नाम, जिससे स्थिति पूरी तरह स्पष्ट रहेगी।
जिन लोगों के नाम अभी भी लिस्ट में नहीं हैं, वे सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार गठित 19 विशेष ट्रिब्यूनल में अपील कर सकते हैं। कोलकाता हाईकोर्ट की देखरेख में 23 जिलों के लिए बने इन ट्रिब्यूनल में पूर्व न्यायाधीश शिकायतों की सुनवाई कर रहे हैं। राज्य प्रशासन ने सूची प्रकाशन के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सभी जिलाधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने के निर्देश दिए हैं।