‘धुरंधर २’ के सेट पर भड़कते थे रणवीर सिंह? प्रोस्थेटिक्स आर्टिस्ट ने खोल दिया सुपरस्टार का बड़ा राज!

बॉक्स ऑफिस पर ऐतिहासिक कमाई कर रही ‘धुरंधर २’ अब एक नई वजह से चर्चा में है। फिल्म ने विश्व स्तर पर ५०० करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है, लेकिन फिल्म की सफलता के पीछे छिपे संघर्ष और रणवीर सिंह के ‘कड़क’ रवैये को लेकर अब प्रोस्थेटिक्स आर्टिस्ट करणदीप सिंह ने बड़ा खुलासा किया है। करणदीप ने सोशल मीडिया पर बताया कि शूटिंग के दौरान रणवीर सिंह का व्यवहार कैसा था।

करणदीप के अनुसार, फिल्म में ‘हमजा’ और ‘जसकीरत’ के दोहरे और चुनौतीपूर्ण किरदारों के लिए रणवीर को घंटों भारी प्रोस्थेटिक्स मेकअप में रहना पड़ता था। लेकिन इस थकान के बावजूद रणवीर का पूरा ध्यान काम पर रहता था। करणदीप ने बताया कि रणवीर अक्सर सेट पर मौजूद यूनिट पर चिल्लाकर कहते थे, “काम पर पूरा ध्यान दो। हम यहाँ मज़ाक करने नहीं आए हैं! तुम लोग नहीं जानते कि हम क्या बना रहे हैं।”

रणवीर की इस सख्ती ने सेट के माहौल को काफी गंभीर और पेशेवर बना दिया था। भारी पसीने और खून के इफेक्ट्स वाले जटिल मेकअप के बावजूद रणवीर ने कभी कोई शिकायत नहीं की और न ही कभी ‘स्टार’ जैसा नखरा दिखाया। करणदीप की मानें तो रणवीर की यही मेहनत और अनुशासन आज पर्दे पर फिल्म की सफलता के रूप में दिख रही है।

फिल्म की तारीफ करने वालों में अब साउथ के दिग्गज कलाकारों का नाम भी जुड़ गया है। ‘कांतारा’ फेम ऋषभ शेट्टी ने ‘धुरंधर २’ की जमकर सराहना की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि यह फिल्म केवल एक सीक्वल नहीं बल्कि एक ‘स्टेटमेंट’ है। उन्होंने रणवीर सिंह के साथ-साथ संजय दत्त, आर माधवन और अर्जुन रामपाल के अभिनय की भी प्रशंसा की। इसके अलावा रवि तेजा, जूनियर एनटीआर और महेश बाबू जैसे सितारों ने भी रणवीर के परफॉर्मेंस को “आग” बताया है। हालांकि कुछ समीक्षकों ने पटकथा की गति पर सवाल उठाए हैं, लेकिन दर्शकों के प्यार ने फिल्म को ब्लॉकबस्टर बना दिया है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *