KKR को लगा बड़ा झटका! आकाशदीप IPL 2026 से बाहर, विदर्भ के इस खूंखार गेंदबाज की हुई एंट्री

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के शुरू होने से पहले ही कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। हर्षित राणा की फिटनेस पर सस्पेंस के बीच, बंगाल के तेज गेंदबाज आकाशदीप पीठ की चोट के कारण पूरे सीजन से बाहर हो गए हैं। हालांकि, केकेआर ने फुर्ती दिखाते हुए २४ घंटे के भीतर आकाशदीप के रिप्लेसमेंट का ऐलान कर दिया है। विदर्भ के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज सौरभ दुबे अब शाहरुख खान की टीम का हिस्सा होंगे।

२८ वर्षीय सौरभ दुबे इससे पहले सनराइजर्स हैदराबाद के स्क्वाड में रह चुके हैं, लेकिन उन्हें अभी अपना डेब्यू करना बाकी है। २०२६ की मिनी नीलामी में अनसोल्ड रहने वाले सौरभ को अब आकाशदीप की जगह अपनी किस्मत आजमाने का मौका मिलेगा। सौरभ ने ८ लिस्ट-ए मैचों में १६ विकेट झटके हैं। पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, केकेआर प्रबंधन ने उनके नाम पर मुहर लगा दी है।

वहीं दूसरी ओर, ईडन गार्डन्स में अभ्यास सत्र के दौरान भारी उत्साह देखा गया। टीम के दिग्गज खिलाड़ी सुनील नारायण, आंद्रे रसेल और रोवमैन पॉवेल सोमवार को शहर पहुंच रहे हैं। प्रैक्टिस के दौरान कीवी बल्लेबाज फिन एलेन और कप्तान अजिंक्य रहाणे ने आक्रामक रुख अपनाया। सबसे ज्यादा चर्चा २५.२० करोड़ के खिलाड़ी कैमरून ग्रीन की रही, जिन्होंने लंबे समय बाद नेट्स पर गेंदबाजी की। ग्रीन की फिटनेस और गेंदबाजी केकेआर के लिए एक्स-फैक्टर साबित हो सकती है। टीम के पास उमरान मलिक और ब्लेसिंग मुजरबानी जैसे विकल्प भी मौजूद हैं, जो गेंदबाजी आक्रमण को मजबूती देंगे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *