वोट के लिए नाई बने बीजेपी उम्मीदवार! बीरभूम में वोटर की दाढ़ी बनाने पर सोशल मीडिया पर उड़े होश

पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में चुनावी सरगर्मियों के बीच एक ऐसी तस्वीर सामने आई है जिसे देखकर हर कोई हैरान है। चुनाव जीतने और मतदाताओं को लुभाने के लिए नेता क्या-कुछ नहीं करते, इसकी एक बानगी दुबराजपुर में देखने को मिली। यहाँ से बीजेपी उम्मीदवार अनूप साहा प्रचार के दौरान अचानक एक ‘नाई’ की भूमिका में नजर आए और उन्होंने सरेआम एक वोटर की दाढ़ी बनानी शुरू कर दी।
मामला दुबराजपुर के कुलेकुड़ी गांव का है। सफेद कुर्ता और गले में भगवा गमछा डाले अनूप साहा घर-घर जनसंपर्क कर रहे थे। तभी उन्होंने देखा कि एक व्यक्ति अपने घर के बाहर बैठकर रेजर से दाढ़ी बना रहा है। अनूप साहा तुरंत उसके पास पहुंचे और मदद के बहाने खुद ही उसकी दाढ़ी बनाने लगे। इस घटना का वीडियो वायरल होते ही सोशल मीडिया पर मीम्स की बाढ़ आ गई है। लोग इसकी तुलना २०२१ के चुनाव में खड़गपुर से बीजेपी उम्मीदवार हिरण चटर्जी की उस हरकत से कर रहे हैं, जब उन्होंने एक व्यक्ति को साबुन लगाकर नहलाया था।
अपनी इस हरकत पर सफाई देते हुए अनूप साहा ने कहा, “मैंने बस एक इंसान की मदद की है। जनप्रतिनिधि का काम ही जनता के सुख-दुख में हाथ बंटाना है। यहाँ की जनता कमल के साथ है और हमारी जीत तय है।”
दूसरी ओर, टीएमसी उम्मीदवार नरेश चंद्र बाउरी ने तीखा हमला बोलते हुए कहा, “पूरे साल ये लोग गायब रहते हैं और चुनाव आते ही जोकर बन जाते हैं। वीडियो बनवाकर वोट पाने की यह कोशिश बेहद शर्मनाक है। जनता सब समझ रही है और इन्हें करारा जवाब देगी।” गौरतलब है कि २०२१ में अनूप साहा ने ही इस सीट पर बीजेपी का झंडा फहराया था, लेकिन इस बार मुकाबला कड़ा है क्योंकि उनका सामना काजल शेख के करीबी नरेश चंद्र बाउरी से है।