गर्मियों में पेट को मिलेगी ठंडक! लौकी की यह ‘तिलमोहिनी’ रेसिपी देख उंगलियां चाटते रह जाएंगे

गर्मियों की शुरुआत के साथ ही पेट की समस्याएं बढ़ने लगती हैं। ऐसे में डॉक्टर भी हल्का और सुपाच्य भोजन करने की सलाह देते हैं। लौकी एक ऐसी सब्जी है जो शरीर को हाइड्रेटेड और ठंडा रखती है। हालांकि, बच्चे हों या बड़े, कई लोग लौकी के नाम से नाक-भौं सिकोड़ते हैं। लेकिन आज हम आपको लौकी की एक ऐसी अनोखी रेसिपी बताने जा रहे हैं, जिसे ‘तिलमोहिनी’ कहा जाता है। यह डिश न केवल हेल्दी है, बल्कि स्वाद में इतनी जबरदस्त है कि आप इसके सामने नॉन-वेज भी भूल जाएंगे।

आवश्यक सामग्री: एक मध्यम आकार की लौकी, १०-१२ उड़द दाल की बड़ी, ४-५ चम्मच सफेद तिल, सरसों का तेल, सूखी लाल मिर्च, तेजपत्ता, जीरा, अदरक का पेस्ट, हल्दी, ४-५ हरी मिर्च, नमक और चीनी स्वादानुसार।

बनाने की विधि: सबसे पहले लौकी को छीलकर टुकड़ों में काट लें। कढ़ाई में सरसों का तेल गर्म करें और सूखी मिर्च, तेजपत्ता और जीरे का तड़का लगाएं। अब इसमें अदरक का पेस्ट डालकर भूनें और फिर कटी हुई लौकी, नमक और हल्दी मिलाएं। धीमी आंच पर ढक्कन लगाकर पकाएं ताकि लौकी अपने ही पानी में नरम हो जाए।

जब तक लौकी पक रही है, सफेद तिल को हल्का भूनकर हरी मिर्च के साथ बारीक पीस लें। लौकी के गल जाने पर इसमें थोड़ी चीनी डालें। अब तैयार तिल का पेस्ट मिलाएं और ५-७ मिनट तक अच्छे से पकने दें। अंत में तली हुई बड़ी (Wadi) ऊपर से डालकर २ मिनट चलाएं और आंच बंद कर दें। तैयार है आपकी स्वादिष्ट ‘लौकी तिलमोहिनी’। इसे गरमा-गरम चावल के साथ परोसें, यह आपको ताजगी और बेहतरीन स्वाद दोनों देगा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *