संसद में आज ‘सुपर मंडे’! वित्त मंत्री पेश करेंगी फिनेंस बिल, कॉर्पोरेट जगत के लिए बदलेंगे नियम

संसद के बजट सत्र का दूसरा चरण आज सुबह ११ बजे से शुरू हो गया है। इस सत्र में केंद्र सरकार कई महत्वपूर्ण विधायी कार्यों को निपटाने की तैयारी में है। सबसे ज्यादा नजरें केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण पर हैं, जो आज सदन में दो महत्वपूर्ण बिल पेश करने वाली हैं। इनमें पहला ‘कॉर्पोरेट कानून (संशोधन) विधेयक, २०२६’ है और दूसरा ‘वित्त विधेयक, २०२६’ है, जो आगामी वित्त वर्ष के कर प्रस्तावों को लागू करने के लिए अनिवार्य है।

कॉर्पोरेट और बैंकिंग सेक्टर में बदलाव की आहट: वित्त मंत्री द्वारा पेश किए जाने वाले कॉर्पोरेट संशोधन बिल के माध्यम से ‘लिमिटेड लायबिलिटी पार्टनरशिप एक्ट, २००८’ और ‘कंपनी अधिनियम, २०१३’ में सुधार किए जाएंगे। इसके अलावा, वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी सूक्ष्म और लघु उद्योगों (MSME) में ऋण की आपूर्ति और बीमा क्षेत्र के विनियमन पर सरकार द्वारा उठाए गए कदमों की जानकारी देंगे।

महिला सुरक्षा और शहरी विकास पर चर्चा: सदन में आज भाजपा सांसद डी. पुरंदेश्वरी महिलाओं की साइबर सुरक्षा से जुड़ी एक महत्वपूर्ण रिपोर्ट पेश करेंगी। इसके साथ ही, टीडीपी और वाईएसआरसीपी के सांसद प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के मूल्यांकन पर स्थायी समिति का वक्तव्य रखेंगे।

सत्र की मुख्य जानकारी: यह सत्र २ अप्रैल तक चलेगा। पिछले चरणों में विपक्षी सांसदों के निलंबन की वापसी और कृषि एवं रेल मंत्रालय के अनुदान मांगों के पारित होने के बाद अब मुख्य फोकस वित्त विधेयक पर है। २८ जनवरी को राष्ट्रपति के अभिभाषण से शुरू हुए इस बजट सत्र में कुल ३० बैठकें निर्धारित हैं, जिसमें देश की आर्थिक नीतियों की दिशा तय होगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *