मुर्शिदाबाद में बड़ी कार्रवाई: ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर चुनाव आयोग का हंटर, जवानों में हड़कंप

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले अनुशासनहीनता के मामले में चुनाव आयोग ने केंद्रीय अर्धसैनिक बलों के 7 जवानों पर गाज गिराई है। मुर्शिदाबाद जिले में तैनात इन जवानों पर आरोप है कि वे चुनाव ड्यूटी छोड़कर एक निजी समारोह में दावत खाने चले गए थे। शिकायत मिलने के बाद जब मामले की जांच की गई, तो आरोप सही पाए गए, जिसके बाद आयोग ने तत्काल प्रभाव से उन्हें सजा सुना दी।

सजा के तौर पर, 7 में से 2 जवानों को अर्धसैनिक बल की हिरासत में ले लिया गया है, जबकि बाकी 5 जवानों को तत्काल प्रभाव से पश्चिम बंगाल से हटाकर दूसरे राज्यों में भेज दिया गया है। इन सभी के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश भी दिए गए हैं। आयोग ने स्पष्ट किया है कि चुनाव ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार का आतिथ्य स्वीकार करना या किसी निजी कार्यक्रम में शामिल होना नियमों का उल्लंघन है।

बंगाल में 23 और 29 अप्रैल को मतदान होना है और सुरक्षा के लिए भारी संख्या में केंद्रीय बल तैनात किए गए हैं। ऐसे में जवानों द्वारा नियमों की अनदेखी को आयोग ने बेहद गंभीरता से लिया है। चुनाव आयोग का मानना है कि इस सख्त कार्रवाई से बाकी जवानों को भी कड़ा संदेश जाएगा कि ड्यूटी के दौरान किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *