दिल्ली के गंगाराम अस्पताल में सोनिया गांधी, मेडिकल बुलेटिन में सामने आई स्वास्थ्य को लेकर बड़ी जानकारी

कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद सोनिया गांधी की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें दिल्ली के श्री गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मंगलवार रात को उन्हें सांस लेने में गंभीर तकलीफ के बाद अस्पताल लाया गया था। बुधवार को मिली जानकारी के अनुसार, ७९ वर्षीय सोनिया गांधी के फेफड़ों में संक्रमण (Lung Infection) पाया गया है। फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
राहुल गांधी ने रद्द किया चुनावी दौरा: सोनिया गांधी की बीमारी की गंभीरता को देखते हुए उनके बेटे राहुल गांधी ने अपना केरल का चुनावी दौरा रद्द कर दिया है। उन्हें कोझिकोड में एक बड़ी रैली को संबोधित करना था, लेकिन वह दिल्ली में अपनी मां के पास ही रुक गए हैं। उनकी जगह अब कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे इस रैली में हिस्सा लेंगे। प्रियंका गांधी भी अस्पताल में ही मौजूद हैं।
स्वास्थ्य का पुराना इतिहास: सोनिया गांधी पिछले कुछ समय से लगातार स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रही हैं। इसी साल जनवरी में भी उन्हें सांस की तकलीफ के कारण भर्ती किया गया था। पिछले साल जून में उन्हें पेट से संबंधित बीमारियों के कारण दो बार अस्पताल जाना पड़ा था। डॉक्टरों की टीम उनकी पुरानी मेडिकल हिस्ट्री को ध्यान में रखते हुए इलाज कर रही है।
मेडिकल टीम की निगरानी: अस्पताल प्रशासन के अनुसार, सोनिया गांधी के लिए एक विशेष मेडिकल टीम गठित की गई है। हालांकि डॉक्टरों का कहना है कि वह फिलहाल खतरे से बाहर हैं और उपचार का असर हो रहा है, लेकिन फेफड़ों में संक्रमण के कारण उन्हें कुछ दिन और अस्पताल में बिताने पड़ सकते हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।