बीजेपी की तीसरी लिस्ट जारी! पानीहाटी से चुनाव लड़ेंगी अभया की मां रत्ना देबनाथ

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने बुधवार शाम 19 उम्मीदवारों की अपनी तीसरी सूची जारी कर दी है। इस लिस्ट में सबसे चर्चित नाम आरजी कर पीड़िता ‘अभया’ की मां रत्ना देबनाथ का है, जिन्हें पानीहाटी सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। रत्ना देबनाथ ने हाल ही में भाजपा की सदस्यता ली थी और कहा था कि वह राज्य में महिलाओं की सुरक्षा और भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ना चाहती हैं।
प्रमुख उम्मीदवार: भाजपा ने उत्तरपाड़ा सीट से पूर्व एनएसजी कमांडो दीपांजन चक्रवर्ती को टिकट दिया है, जहां उनका मुकाबला टीएमसी के शीर्षण्य बनर्जी और सीपीआईएम की मीनाक्षी मुखर्जी से होगा। अन्य प्रमुख नामों में कूचबिहार दक्षिण से रथिंद्रनाथ बोस, रायगंज से दिनेश सरकार और इंग्लिश बाजार से अमलान भादुड़ी शामिल हैं। चुंचुड़ा से सुबीर नाग और मेदिनीपुर से शंकर गुछैत को भी मैदान में उतारा गया है।
भाजपा अब तक कुल 275 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम घोषित कर चुकी है, जबकि 19 सीटों पर सस्पेंस बरकरार है। पार्टी ने बिष्णुपुर सीट पर अपना उम्मीदवार बदलते हुए अब विश्वजीत खान को मौका दिया है।